बीजिंग - चीन की औद्योगिक कंपनियों के मुनाफे में अगस्त में पिछले वर्ष इसी महीने की तुलना में 8.8 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है, जो पिछले चार वर्षों की सबसे गिरावट है और इससे दुनिया की इस दूसरी बड़ी अर्थव्यवस्था में आर्थिक मंदी गहराने का खतरा और बढ़ गया है। चीन के राष्ट्रीय सांख्यिकी ब्यूरो (एनबीएस) के जारी आंकड़ों के अनुसार अगस्त में औद्योगिक कंपनियों के मुनाफे में अगस्त 2014 की तुलना में 8.8 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गयी है।
यह वर्ष 2011 के बाद की सबसे तेज गिरावट है। चालू वर्ष के पहले आठ महीनें में इन कंपनियों का मुनाफा पिछले वर्ष की इसी अवधि की तुलना में 1.9 प्रतिशत घटा है। एनबीएस ने कहा कि इस दौरान कंपनियों में निवेश पर मिलने वाला रिटर्न पिछले साल के अगस्त के मुकाबले इस वर्ष इसी महीने में बढक़र 4.12 अरब यूआन रहा, जबकि जुलाई 2015 में यह आंकड़ा 11.04 अरब यूआन रहा था।
इसी तरह आलोच्य अवधि में कंपनियों का व्यय 23.9 प्रतिशत बढ़ा, जबकि इस वर्ष जुलाई में इसमें तीन प्रतिशत की कमी आई थी। चीन के औद्योगिक विभाग के अधिकारी ही पिंग ने कहा कि कंपनियों के मुनाफे पर विनिमय दर में जारी उतार-चढ़ाव का असर हुआ है।