नयी दिल्ली - मालदीव के राष्ट्रपति अब्दुल्ला यामीन अब्दुल गयूम और प्रथम महिला फातिमा इब्राहिम सोमवार को एक स्पीडबोट में ‘विस्फोट’ के बाद बाल-बाल बच गये। सालाना हज यात्रा के लिए सऊदी अरब का अपना दौरा खत्म होने के बाद वे स्पीडबोट से आ रहे थे। मालदीव के अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रपति बाल-बाल बच गए जबकि उनकी पत्नी को हल्की चोटें आई हैं। फिलहाल, विस्फोट के कारणों का पता नहीं चल सका है।
हालांकि आशंका जताई जा रही है कि इंजन के हिस्से में विस्फोट हुआ। भारत में मालदीव के उच्चायुक्त अहमद मोहम्मद ने बताया, ‘विस्फोट तब हुआ जब राष्ट्रपति और उनकी पत्नी हज के बाद हवाई अड्डे से वापस लौट रहे थे। राष्ट्रपति घायल नहीं हुए लेकिन उनकी पत्नी जख्मी हुईं और इंदिरा गांधी मेमोरियल हॉस्पिटल (आईजीएमएच) में उनका इलाज हो रहा है।