होशियारपुर - विदेश भेजने के नाम पर कथित तौर पर 32 लाख 70 हजार रुपये की ठगी करने के आरोप में जिला पुलिस ने दो मामले दर्ज कर तीन आरोपियों को नामजद कर लिया है। सभी आरोपी फरार बताए जाते हैं। जानकारी के मुताबिक गांव मोईला वाहिदपपुर के निवासी जगदीश सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके रिश्तेदारों बलविंदर सिंह निवासी रणजीतपुरा अमृतसर व सुखजिंदर सिंह निवासी गुरु नानक नगर अमृतसर को कनाडा भेजने की बात ट्रैवल एजेंट राजवीर सिंह निवासी गांव खानपुर निवासी जालंधर ने की थी।
उसके मुताबिक आरोपी ने उसे अपने विश्वास में लेकर जून 2014 में कथित तौर पर उनसे 30 लाख रुपये व दोनों के पासपोर्ट ले लिए। लेकिन आरोपियों ने इसके बाद न तो उक्त युवकों को विदेश भेजा न ही उनके रुपये व पासपोर्ट वापिस किये। उधर, दशमेश नगर टांडा के निवासी हरजोध सिंह ने टांडा पुलिस के पास एक शिकायत दर्ज करवाई है। उसने बताया है कि उसे विदेश भेजने की बात ट्रैवल एजेंट रविंद्र कुमार निवासी दशमेश नगर व अरुण कुमार निवासी बंगा ने की थी। आरोपियों ने उससे 2 लाख 70 हजार रुपये व उसका पासपोर्ट लिया था। लेकिन इसके बाद न तो उसे विदेश भेजा न ही उसके रुपये व पासपोर्ट वापिस किया। पुलिस ने जांच के बाद दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।