चंडीगढ़ - पंजाब में विपक्षी दल कांग्रेस ने राज्य में चीनी और केरोसिन तेल पर गरीब परिवारों को सबसिडी देने के मुद्दे पर आज राज्य की शिरोमणि अकाली दल-भाजपा की गठबंधन सरकार को घेरा। प्रश्न काल के दौरान खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री आदेश प्रताप सिंह कैरों के जवाब से असंतुष्ट कांग्रेस विधायकों ने राज्य में गरीब परिवारों को रियायती दरों पर चीनी और केरोसिन तेल देने की मांग को लेकर विधानसभा से वॉकआउट किया।
कांग्रेस विधायक दल के नेता सुनील कुमार जाखड़ की अगुवाई में कांग्रेस के सदस्य सदन के बीचोंबीच आ गये और विधानसभा से वॉकआउट करने से पहले सरकार विरोधी नारेबाजी की। जाखड़ ने सरकार से जानना चाहा कि क्या केंद्र सरकार राज्य के गरीबों को रियायती दरों पर चीनी और केरोसिन तेल मुहैया करा रही है। उन्होंने कहा कि हकदार होने के बावजूद लाखों गरीबों को चीनी और केरोसिन पर सबसिडी नहीं मिल रही। कांग्रेस नेता ने मामले की जांच के लिए एक समिति गठित करने की मांग की।
हालांकि, स्पीकर चरणजीत सिंह अटवाल ने यह मांग खारिज कर दी। कैरों ने विधानसभा को बताया कि पंजाब सरकार ने केंद्र को इस मुद्दे पर पत्र लिखा था, जिसके बाद केंद्र ने नीति में संशोधन किया और राज्य को अधिकार दिए जिसके बाद सरकार ‘नियमित आधार पर’ रियायती दरों पर चीनी वितरित करने की तैयारी कर रही है। इस जवाब से असंतुष्ट कांग्रेस विधायकों ने सदन से वॉकआउट किया।