चंडीगढ़ - मानसून सत्र के पहले दिन पंजाब विधानसभा में आज पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम और गुरुदासपुर जिले में आतंकी हमले के शिकार लोगों सहित अन्य लोगों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी गयी। मृत आत्माओं की याद में सदस्यों ने दो मिनट का मौन भी रखा। इस साल 27 जुलाई को दिवंगत हुये कलाम की सेवाओं को याद करते हुये, अटवाल ने भारत के मिसाइल मैन की परमाणु उर्जा और अंतरिक्ष के क्षेत्रों में उपलब्धियों को याद किया।
इस अवसर पर 27 जुलाई को गुरुदासपुर जिले के दीनानगर में एक थाना पर किये गये आतंकवादी हमले के ‘हीरो’ के अलावा पाकिस्तान से आये आतंकवादियों से लड़ते हुये अपने प्राण न्योछावर करने वाले पुलिस अधीक्षक बलजीत सिंह सहित चार पुलिसकर्मियों को भी याद किया गया। उसके बाद श्री अटवाल ने सदन की कार्यवाही को सोमवार दोपहर 2 बजे तक के लिये स्थगित कर दिया।