सेंटियागो - दक्षिण अमरीकी देश चिली में गुरुवार को आए 8.3 की तीव्रता वाले जबरदस्त भूकंप से आठ लोगों की मौत हो गई। महज आठ घंटों के अंतराल में भूकंप के 33 झटके महसूस किए गए। भूकंप की तीव्रता इतनी अधिक थी कि इसके झटके 3500 किलोमीटर दूर अर्जेंटीना की राजधानी ब्यूनस आयर्स में भी महसूस किए गए। वहां कई इमारतें और घर नष्ट हो गए और कई लोग जख्मी हुए हैं। भूकंप का केंद्र इल्लापेल शहर से मात्र 46 किलोमीटर की दूरी पर था।
इस वर्ष विश्व का यह सबसे जबरदस्त भूकंप था। भूकंप के बाद तटवर्ती इलाकों में समुद्र का पानी भर गया है। तटीय शहरों में समुद्री हवाएं चल रही हैं। चिली के अलावा दक्षिण अमरीका, हवाई, कैलिफोर्निया तथा फ्रेंच पॉलीनेशिया में सुनामी की चेतावनी जारी कर दी गई। हालांकि बाद में चिली ने सूनामी की चेतावनी वापस ले ली है। भूकंप के कारण 10 लाख से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। चिली के राष्ट्रपति माइकल बैकलेट ने कहा कि वह प्रभावित इलाकों का दौरा करेंगे।
श्री बैकेलेट ने कहा कि एक बार फिर हमें प्राकृतिक आपदा का सामना करना पड़ रहा है। तांबे के खनन के लिए दुनिया भर में जाने जाने वाले चिली में भूकंप के बाद खनन का काम रोक दिया गया है। उल्लेखनीय है कि दक्षिण मध्य चिली में फरवरी 2010 में 8.8 की तीव्रता वाले भीषण भूकंप के बाद उठी सुनामी लहरों की चपेट में आकर 500 से अधिक लोग मारे गए थे।