जालंधर - सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने पंजाब के फिरोजपुर सेक्टर की अंतरराष्ट्रीय सीमा चौकी के वारियर्स से 70 करोड़ रुपए मूल्य की 14 किलोग्राम हेरोइन बरामद की है। सीमा सुरक्षा बल इस वर्ष अब तक आठ अरब 40 करोड़ रुपए मूल्य की कुल 168 किलो हेरोइन बरामद कर चुका है। सीमा सुरक्षा बल के फिरोजपुर सेक्टर के उपमहानिरीक्षक आरके थापा ने बताया कि बीएसएफ, पंजाब फ्रंटियर के महानिरीक्षक अनिल पालीवाल के निर्देशों अनुसार सीमापार से घुसपैठ को रोकने के लिए खास अभियान चलाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि शनिवार मध्य रात्रि को बीएसफ की 191वीं बटालियन के जवानों ने कुछ पाकिस्तानी तस्करों को प्लास्टिक की एक पाइप के सहारे हेरोइन के पैकेट भारतीय सीमा में फेंकने की कोशिश करते हुए देखा। जवानों के ललकारने पर तस्करों ने जवानों पर गोलियां चलाईं तथा हेरोइन के 14 पैकेट भारतीय सीमा में फेंक कर भाग गए। इलाके की तलाशी लेने पर ये पैकेट बरामद हुए। बीएसएफ ने अब तक 168 किलोग्राम हेरोइन बरामद की है, जिसमें से 75 किलो 295 ग्राम केवल फिरोजपुर सेक्टर में बरामद हुई है।
इसके अतिरिक्त पांच लाख 32 हजार रुपए की विदेशी मुद्रा, नौ हथियार, सात मैगजीन, आठ पाकिस्तानी मोबाइल, दस पाकिस्तानी सिम कार्ड, छह भारतीय मोबाइल, दस सिम कार्ड और सिम कार्ड सहित एक बंगलादेशी मोबाइल बरामद हुए हैं। सुरक्षा बलों ने अब तक पाकिस्तानी सीमा लांघते हुए 14 तथा भारतीय सीमा को लांघते हुए 42 लोगों को पकड़ा है।