न्यूयार्क - सोशल मीडिया का भरपूर इस्तेमाल करने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसी महीने के अंतिम सप्ताह में फेसबुक मुख्यालय जायेंगे। पीएम गूगल कैंपस भी जा सकते हैं। उनका वहां जाने का कार्यक्रम फिलहाल 27 सितंबर को है। फेसबुक के संस्थापक मार्क जुकरबर्ग ने घोषणा की कि प्रधानमंत्री मोदी 27 सितंबर को सिलिकन वैली के मेनलो पार्क में फेसबुक के मुख्यालय आएंगे। मोदी टाउनहॉल सवाल जवाब सत्र के लिए फेसबुक के मुख्यालय आ रहे हैं।
जुकरबर्ग ने फेसबुक पोस्ट पर लिखा है कि मैं इस बात की घोषणा कर काफी रोमांचित महसूस कर रहा हूं कि भारत के प्रधानमंत्री इसी महीने टाउन प्रश्नोत्तर के लिए फेसबुक मुख्यालय आ रहे हैं। मोदी ने भी ट्वीट कर इसकी पुष्टि की। मोदी ने ट्विट किया कि मैं मार्क जुकरबर्ग का 27 सितंबर को टाउनहॉल सवाल जवाब सत्र के लिए फेसबुक मुख्यालय आने के आमंत्रण के लिए आभार जताता हूं।’ उन्होंने ट्वीट किया कि टाउनहॉल सवाल जवाब आपकी भागीदारी के बिना अधूरा रहेगा। फेसबुक या नरेंद्र मोदी मोबाइल एप पर सवाल भेजिये।’ इस सत्र का लाइव वीडियो जुकरबर्ग के फेसबुक पेज और प्रधानमंत्री मोदी के सोशल मीडिया वेबसाइट के आधिकारिक पेज पर उपलब्ध होगा।