चण्डीगढ़, 7 मार्च :पंजाब सरकार द्वारा राज्य में कैंसर और नशाखोरी की रोकथाम के लिए अभियान युद्ध स्तर पर तेज कर दिया गया है। जिस तहत आज पंजाब मंत्रीमण्डल द्वारा ‘पंजाब स्टेट कैंसर एण्ड ड्रग एडिक्षन ट्रीटमैंट इन्फ्रास्ट्रक्चर फंड बिल-2013 ’ को स्वीकृति दे दी गई। इस बिल को अब विधान सभा की स्वीकृति के लिए रखा जायेगा और विधान सभा द्वारा पास किये जाने के बाद बिल, एक्ट के रूप में लागू हो जायेगा।
यह जानकारी पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री मदनमोहन मित्तल ने दी। उन्होंने बताया कि इस एक्ट को लागू करने का मुख्य उद्धेश्य राज्य में दिन प्रति दिन बढ़ रही नशाखोरी और केंसर के मामलों की पहचान कर उचित उपचार मुहैया करवाना है।
उन्होंने बताया कि इसके साथ ही पंजाब सरकार द्वारा युद्ध स्तर पर समस्त विभागों को साथ लेकर नशों के विरूद्ध अभियान चलाया जायेगा और लोगों को नशों के सामाजिक, आर्थिक और मनोवैज्ञानिक दुरूप्रभावों सम्बन्धी अवगत करवाया जायेगा।
मित्तल ने बताया कि कैंसर की पहचान के लिए पंजाब सरकार द्वारा पहले ही राज्यभर में सर्वेक्षण किया गया है और अब इस सर्वेक्षण में कैंसर की जकड़ में आए लोगों का उपचार किया जायेगा। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री स. प्रकाश सिंह बादल ने यह भरोसा दिया है कि कैंसर और नशाखोरी विरूद्ध इस अभियान में किसी प्रकार भी फंडों की कमी नहीं आने दी जायेगी।
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि कैबिनैट द्वारा आज स्वीकार किये गये बिल को अमल में लाने के लिए ‘पंजाब स्टेट कैंसर एण्ड ड्रग एडिक्शन ट्रीटमैंट इन्फ्रास्ट्रक्चर बोर्ड ’ स्थापित किया जायेगा जिसके चेयरमैन मुख्यमंत्री होंगे जबकि स्वास्थ्य मंत्री वित्त मंत्री, चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान मंत्री, मुख्य सचिव, प्रधान सचिव/ मुख्यमंत्री, प्रधान सचिव/ चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान और प्रधान सचिव वित्त को बोर्ड के सदस्यों के तौर पर शामिल किया जायेगा। इसके अतिरिक्त प्रधान सचिव/ स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण को बोर्ड का सदस्य सचिव लगाया गया है।