अमृतसर - पंजाब के अमृतसर जिले में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने पाकिस्तान सीमा के नजदीक छह किलोग्राम हेरोइन बरामद की है। चंडीगढ़ से 280 किलोमीटर दूर अमृतसर में सीमा की अग्रिम चौकी उत्तर धारीवाल के पास अर्धसैनिक बल ने छह पैकेट में हेरोइन बरामद की है। अंतर्राष्ट्रीय बाजार में बरामद हेरोइन की कीमत करीब 30 करोड़ रूपये है। खुफिया सूचना मिली थी कि पाकिस्तान से तस्करी कर हेरोइन भारत लाई जा रही है।
बीएसएफ प्रवक्ता ने कहा कि सुरक्षा बलों ने सीमा के उस पार तस्करों की संदिग्ध गतिविधियां देखी। तस्करों ने कुछ पैकेट बाड़ के उस पार से फेंके। इस पर सुरक्षा बलों ने उन्हें ऎसा करने से रोका, लेकिन तस्कर नहीं रूके। इसके बाद सुरक्षा बलों ने गोलीबारी की लेकिन तस्कर अंधेरा और झाडियों की आड़ लेकर फरार हो गए। प्रवक्ता ने बताया कि बाद में तलाशी अभियान में हेरोइन के पैकेट बरामद किए गए। इस बरामदगी के साथ ही बीएसएफ पंजाब सेक्टर में अब तक 154 किलोग्राम हेरोइन जब्त कर चुकी है। इसके साथ ही अमृतसर सेक्टर में 75 किलो हेरोइन बरामद की गई। वर्ष 2014 में पंजाब सेक्टर में 361 किलोग्राम हेरोइन जब्त की गई थी, जो कि अन्य वर्षो की तुलना में सर्वाधिक थी।