नई दिल्ली - एशियन हाइ-वे का मिआवड्डी-थिन्ग्गन निएनॉंग-काव्कअरेइक हिस्सा, जो भारत और थाइलैंड को म्यांमार के रास्ते से जोड़ता है उसका इस्तेमाल अब किया जा सकेगा। 26.5 किलोमीटर लंबे मार्ग के खुल जाने के बाद थिन्ग्गन निएनॉंग और कॉकअरऐइक के बीच की यात्रा का समय 3 घंटे से कम होकर करीब 1 घंटे रह जाएगा। एशियन हाई-वे के इस भाग के निर्माण की शुरुआत साल 2012 को थाइलैंड के सहयोग से हुई थी।
एशियन हाई-वे भारत में मोरेह से शुरू होकर म्यांमार होते हुए थाइलैंड में माएसोट तक जाता है। हाई-वे का यह भाग, जोकि ग्रेटर मेकोंग सब-रीजन के पूर्वी-पश्चिमी इकोनोमिक कारीडॉर का हिस्सा भी है, न केवल तीनों देशों के लोगों के बीच बेहतर संबंधों को सुनिश्चित करेगा, बल्कि इलाके के व्यापार को बढ़ाने में भी मददगार साबित होगा। म्यांमार के उपराष्ट्रपति यू न्यान तुन, थाइलैंड के उप प्रधानमंत्री सोमकिड जातुस्रिपीतक और कायिन नेशनल यूनियन के चेयरमैन जनरल सॉ मुतु साइ पो ने इस महत्वपूर्ण सड़कमार्ग के उद्घाटन समारोह में भाग लिया।