चंडीगढ - आम आदमी पार्टी (आप) की पंजाब इकाई के पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरेाप में निलंबित सांसद डॉ. धर्मवीर गांधी ने आज कहा कि वह पार्टी को कभी नहीं छोड़ेंगे और सदैव कार्यकर्ताओं की आवाज आलाकमान तक पहुंचाते रहेंगे। डॉ. गांधी ने आज यूनीवार्ता को बताया कि वह सदैव कार्यकर्ताओं के साथ रहे हैं। कार्यकर्ता पार्टी की असली ताकत है और उनकी आवाज को आलाकमान तक पहुंचायेंगे। कार्यकर्ताओं तथा आलाकमान के बीच तालमेल बनाने का प्रयास करेंगे।
उन्होंने कहा कि जिस पार्टी को आगे बढ़ाने के लिये उन्होंने अपने कार्यकर्ताओं के साथ रात दिन एक किया उसी पार्टी के खिलाफ वह कैसे काम कर सकते हैं। उन्होंने कोई पार्टी विरोधी काम नहीं किया। उन्होंने कहा कि पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप पर मुझे आश्चर्य है। मैं पंजाब के 22 जिलों के पांच हजार पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ विभिन्न सम्मेलनों में भाग ले चुका हूं।