वॉशिंगटन - भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अमरीका की दूसरी यात्रा के लिए एक महीने से भी कम समय बचा है। मोदी अमरीका में दूसरी बार भारतीय अमेरिकी समुदाय को संबोधित करेंगे। वह पिछले वर्ष प्रधानमंत्री के तौर पर पर जब पहली बार अमरीका आए थे जो उन्होंने मैनहट्टन के प्रतिष्ठित मैडिसन स्क्वैयर गार्डन में करीब 20,000 भारतीय अमरीकियों को संबोधित किया था। मोदी के स्वागत में सिलिकॉन वैली में समुदाय के कार्यक्रम के लिए व्यक्तिगत पंजीकरण यहां शुरू हो गया है। लोगों के पास कैलिफोर्निया में सैन जोस के सैप सेंटर में 27 सितंबर को आयोजित स्वागत समारोह के पंजीकरण लिए 31 अगस्त तक का समय है।
इस पंजीकरण से पहले 500 सामुदायिक संगठनों के सदस्यों का पंजीकरण किया गया था जो स्वागत समारोह की मेजबानी के लिए मिलकर काम करेंगे। इस बात ने आयोजकों को भी आश्चर्यचकित किया है कि इस समारोह के लिए 40,000 से अधिक लोगों ने नाम दर्ज कराया है जबकि पिछले सितंबर में न्यूयार्क के मैडिसन स्क्वैयर गार्डन में आयोजित स्वागत समारोह के लिए 30,000 लोगों ने नाम दर्ज कराया था। 31 अगस्त को पंजीकरण की प्रक्रिया समाप्त हो जाने के बाद सभी पंजीकरणों का कम्प्यूटर के जरिए ड्रॉ निकाला जाएगा ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि सैप सेंटर में मौजूद 18,000 दर्शकों में सभी भारतीय समुदायों, संगठनों, आयु और लिंग के लोगों को प्रतिनिधित्व मिल सके।