मनसा - केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल के प्रोग्राम में अपनी मांग को लेकर प्रदर्शन करने पहुंचे लोगों के साथ बड़ी बदसलूकी की गई। मंत्री भाषण देती रहीं और प्रदर्शनकारियों को पुलिस घसीटती रही। मंत्री के सामने ही महिलाओं और बच्चों को घसीटकर बाहर निकाला गया। पुलिस ने महिलाओं के बाल भी खींचे। इस जोर-जबर्दस्ती में दो महिलाओं के कपड़े भी फट गए। मनसा में केंद्रीय मंत्री राखी के मौके पर बीमा योजना के कार्ड और साइकिलें बांटने के लिए पहुंची थीं। उन्होंने जैसे ही भाषण शुरू किया, नौकरी की मांग को लेकर परिवारों के साथ पहुंचे बेरोजगार लाइनमैनों ने नारेबाजी शुरू कर दी।
इसके बाद पुलिस प्रदर्शनकारियों को घसीट-घसीटकर पंडाल के बाहर ले गई। इस दौरान, मंत्री भाषण देती रहीं। सूत्रों की मानें तो प्रशासन को पहले ही प्रदर्शन का अंदाजा था और इससे निपटने के लिए सिविल वर्दी में 50 महिला कांस्टेबल तैनात किए गए थे। उन्हें निर्देश था कि अगर कोई नारेबाजी करता है तो मुंह बंद कर बाहर कर दिया जाए। प्रदर्शनकारी दस थे। इनमें चार पुरुष, चार महिलाएं और दो बच्चे शामिल थे। सभी को गिरफ्तार कर थाने ला जाया गया। पुलिस ने उन्हें घंटों थाने में बिठाए रखा।