होशियारपुर - जिले की तहसील दसूहा के गाव बंगालीपुर में आर्मी जवान द्वारा अपनी पत्नी के कथित नाजायज संबंध के संदेह के चलते पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी तथा बाद में इसे आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को पंखे से लटका दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मृतका के पिता ने बताया कि आज सुबह उनके पास फोन आया कि उनकी बेटी नरिंदर कौर, जो कि गांव बंगालीपुर में विवाहित है, ने पंखे से लटकर जान दे दी है।
यह समाचार मिलते ही वह अपनी लडक़ी के ससुराल बंगालीपुर में पहुंचे तो देखा कि उनकी लडक़ी की लाश पंखे से लटक रही थी। उन्हें संदेह हुआ कि उनकी लडक़ी ने आत्महत्या नहीं की बल्कि उसे मार कर लटकाया गया है क्योंकि कुछ दिन पहले उसका पति से झगड़ा भी हुआ था। इस पर कार्रवाई करते हुए दसूहा पुलिस ने लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा मृतका के पति सुरजीत सिंह को पूछताछ के लिए पुलिस स्टेशन ले जाया गया। सुरजीत सिंह से पूछताछ में स्वीकार किया कि उसी ने हत्या कर अपनी पत्नी की लाश को पंखे से लटकाया था।