अमृतसर - पुरानी रंजिश के चलते अमृतसर नगर निगम की पूर्व पार्षद के पति पर कम से कम 9 लोगों ने गोलियां दागीं जिससे वह बुरी तरह घायल हो गए हैं। पुलिस ने बताया कि पीडि़त व्यक्ति की पहचान जोगिन्दरपाल के रूप में की गई है। वह शिरोमणि अकाली दल के सदस्य हैं, जबकि उसकी पत्नी अनीता रानी कांग्रेस की टिकट पर वर्ष 2002 से 2007 तक अमृतसर नगर निगम की पार्षद थीं। जोगिन्दरपाल को पेट एवं हाथ में गोलियां लगी हैं तथा उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती किया गया है।
पुलिस ने बताया कि हमलावर पीड़ित के रिश्तेदार हैं और उनकी पहचान बॉबी, मस्ती, नगीना, गिंगी ओर आनंद के रूप में की गई है । इन 5 हमलावरों के साथ कुछ अन्य लोग भी थे। कल देर रात वे जोगिन्दरपाल के घर में जबरदस्ती घुसे और उनपर पिस्तौल से गोलियां दागने के अलावा अन्य हथियारों से हमला भी किया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है । घटना के बाद से सभी आरोपी फरार हैं। पुलिस ने बताया कि पीड़ित ने संपत्ति सहित कुछ विवाद को लेकर आरोपियों के खिलाफ पहले भी शिकायत की थी।