पटियाला - जिले के रीठखेड़ी गांव में एक पूर्व सैन्यकर्मी के खेत से बम, कारतूस व हथियार मिलने से सनसनी फैल गई। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस व सेना की टीम वहां पहुंच गई। ये हथियार व बम सेना के बताए जाते हैं। दूसरी ओर, सैन्यकर्मी के भतीजे ने आरोप लगाया है कि उसके चाचा इसे आतंकियों को बेचने के लिए सेना से लाए थे। ये नहीं बिके तो उन्होंने इसे खेत में गाड़ दिया। हालांकि सैन्यकर्मी को साल पहले निधन हो चुका है। पटियाला की सदर थाना पुलिस को सुबह गुप्त मिली की गांव रीठहेड़ी के एक खेत में हथियार व गोला-बारुद गाड़ कर रखे गए हैं।
इससे पुलिस में हडक़ंप मच गया। एसएचओ जसविंदर सिंह टिवाणा के नेतृत्व में एक टीम तुरंत गांव में बताए गए खेत के पास पहुंची और जांच की। खेत की खोदाई करवाने पर वहां भारी संख्या में हथियार व गोला-बारुद मिले। इसके बाद सेना के अधिकारियों को इस बारे में सूचना दी गई। सेना की टीम ने वहां पहुंचकर जांच की। खेत से एक राइफल, 22230 कारतूस , तीन ग्रेनेड व चार आर सीएल बम बरामद हुए। यह खेत सेना के पूर्व अधिकारी गुरचरण सिंह का बताया जाता है। सेना जांच टीम के अनुसार, ये हथियार, कारतूस, ग्रेनेड व बम बेकार हो चुके हैं। इनकी जांच की जा रही है।