खरड़ - पंजाब बिजली निगम ने खरड़ में एक प्रवासी मोहन राम के घर का बिजली का बिल 74 लाख 61 हजार 983 रुपये का भेजा है। इतना भारी भरकम बिल देखकर एक बार तो मोहन राम का दिल ही बैठ गया क्योंकि जिस घर का उसे यह बिल आया है, वह घर उसने कुछ माह पहले ही बीस लाख रुपये में खरीदा है। मोहन राम का कहना है कि वह अपना घर और सारा सामान भी बेच दे तो भी बिजली निगम का बिल नहीं चुका सकता।
मोहन राम को निगम द्वारा भेजे गए बिजली के बिल में उसकी दो माह की बिजली खपत 9 लाख 90 हजार 341 यूनिट दर्शाई गई है तथा समय पर बिजली का बिल जमा न होने पर उसे 1 लाख 30 हजार 318 रुपये जुर्माने समेत बिल जमा करवाना पड़ेगा। मोहन राम ने आगे बताया कि वह बिजली का बिल लेकर बिजली निगम के दफ्तर के पिछले दो दिनों से बिल ठीक करवाने के लिए चक्कर लगा रहा है लेकिन उसकी समस्या का हल नहीं हुआ। इस बारे में जब पंजाब बिजली निगम कार्यालय खरड़ के अधिकारी से बात की गई तो उन्होंने कहा कि मोहन राम के घर में लगा बिजली का मीटर 9999 यूनिट चलने के बाद एक बार फिर से 0 से स्ट्रार्ट हो गया था। बिल बनाने वाली साफ्टवेयर मशीन में इस तरह का कोई प्रावधान नहीं है। मोहन राम के बिल को ठीक करके नया बिल बना कर दे दिया जायेगा।