दुबई - दो दिन की यात्रा पर दुबई गए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने भाषण में आतंकवाद पर कड़ा शिकंजा कसा है। वहीं यूएई सरकार ने बातचीत के दौरान भारत को भरोसा जताया है कि जांच के बाद अंडरवल्र्ड डॉन दाऊद इब्राहिम की सभी संपत्ति जब्त कर ली जाएगी। एनएसए के अजीत डोवल ने दाऊद की बेनामी संपत्ति को लेकर यूएई सरकार को डोजियर दिया है। इस डोजियर में उन कंपनियों और होटलों की भी जानकारी दी गई है, जहां दाऊद का पैसा लगा हुआ है।
जानकारी के मुताबिक दाऊद का भाई अनीस इब्राहिम में गोल्डन बॉक्स नाम से दुबई में एक कंपनी चलाता है, जिसमें उसके करीबी रिश्तेदार भी उसकी मदद कर रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी और यूएई के शहजादे मोहम्मद बिन जायेद अल नह्यान के बीच हुई वार्ता के बाद जारी 31 बिन्दुओं वाले संयुक्त बयान में राज्य प्रायोजित आतंकवाद सहित सभी स्वरूपों वाले आतंकवाद का विरोध किया है। मोदी ने कहा कि आतंकवाद विश्व के लिए खतरा बन चुका है जिस पर लगाम लगाना जरूरी है।