जकार्ता - इंडोनेशिया में 54 यात्रियों के साथ लापता हुआ त्रिगान एयर सर्विस का विमान पापुआ प्रांत में क्रैश हो गया। त्रिगान एयर सर्विस के मुताबिक इंडोनेशिया के दूरस्थ पहाड़ी प्रांत पापुआ के ग्रामीणों ने प्लेन का मलबा देखने की बात कही है। इंडोनेशिया के ट्रांसपोर्ट मिनिस्टर ने भी विमान के क्रैश होने की पुष्टि करते हुए कहा कि विमान का मलबा ओक्सीबिल में मिला है, जहां कि उसे लैंड करना था। इस हादसे में कोई यात्री जिंदा बचा है या नहीं, अभी इसकी जानकारी नहीं है।
विमान ने पापुआ प्रांत की राजधानी जयापुरा से ओक्सीबिल के लिए उड़ान भरी थी। करीब 42 मिनट की उड़ान के बाद रविवार दोपहर इसका संपर्क टूट गया। एटीआर 42-300 विमान में 49 यात्री और चालक दल के पांच सदस्य सवार थे। अधिकारी ने कहा कि विमान के उतरने से नौ मिनट पहले उसका संपर्क टूट गया। इंडोनेशिया में हाल के सालों में कई विमान हादसे हुए है। 25 करोड़ की आबादी वाला देश एयरलाइन बाजार के लिहाज से तेजी से विस्तार कर रहा है, लेकिन यह पर्याप्त संख्या में योग्य पायलट, एयर ट्रैफिक कंट्रोलर और हवाई अड्डे से संबंधित तकनीक मुहैया करने के लिए संघर्ष कर रहा है।