नई दिल्ली - भारत और पाकिस्तान के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों के बीच अगले सप्ताह यहां होने वाली बैठक से पूर्व पाकिस्तान के उच्चायुक्त अब्दुल बासित ने शुक्रवार को कहा कि उनका देश जम्मू-कश्मीर के लोगों को उनके ‘आजादी के संघर्ष’में समर्थन देता रहेगा। बासित ने यहां पाकिस्तान उच्चायोग में पाकिस्तान के स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित एक कार्यक्रम में कहा कि पाकिस्तान ने हमेशा भारत के साथ अच्छे तालुक्कात की ख्वाहिश की है और कोशिश भी की है। दोनों देश खास तौर पर कश्मीर के मसले को बातचीत से हल करें।
जब तक कश्मीरियों को उनका हक नहीं मिल जाता, तब तक पाकिस्तान उनकी हिमायत जारी रखेगा। इस तरह के संघर्ष में कभी-कभार कई वर्ष लग जाते हैं या युग बीत जाते हैं। उल्लेखनीय है कि भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और पाकिस्तान के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार सरताज अजीज के बीच 23 और 24 अगस्त को यहां बैठक होनी है। उधर, कांग्रेस ने पाकिस्तान को नसीहत दी है कि वह कश्मीर का सपना देखना बंद कर दे, क्योंकि उसका यह सपना कभी पूरा होने वाला नहीं है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता तथा जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री गुलाम नबी आजाद ने यहां पार्टी मुख्यालय में संवाददाताओं से कहा कि कश्मीर भारत में रहेगा या पाकिस्तान में, इसका फैसला 1947 में ही हो चुका है। कश्मीर हिंदुस्तान का है और हिंदुस्तान का ही रहेगा।