लुधियाना - पंजाब के लुधियाना शहर में स्थित नामी हीरो साइकिल कंपनी के संस्थापक ओम प्रकाश मुंजाल का गुरुवार को दयानंद मेडिकल कालेज एवं अस्पताल के हीरो हार्ट सेंटर में निधन हो गया। श्री मुंजाल 87 वर्ष के थे। वह कुछ समय से अस्पताल में भर्ती थे। ओपी मुंजाल का अंतिम संस्कार लुधियाना के मॉडल टाउन एक्सटेंशन श्मशान घाट में शुक्रवार शाम 4.30 बजे होगा। उनके परिवार में एक बेटा पंकज मुंजाल और चार बेटियां हैं। उनकी पत्नी का भी कुछ महीने पहले देहांत हो गया था।
पूर्व राष्ट्रपति सर्वपल्ली राधाकृष्णन, वीवी गिरि, जैल सिंह और एपीजे अब्दुल कलाम ओपी मुंजाल को सम्मानित कर चुके हैं। इस समय हीरो रोजाना 19 हजार से भी ज्यादा साइकिलें बनाती है। 1944 में ओपी मुंजाल ने अमृतसर में साइकिल स्पेयर पार्ट्स का कारोबार शुरू किया। हालांकि, बंटवारे के बाद उनके कारोबार पर असर पड़ा। इस बीच ओपी मुंजाल भाइयों को लेकर लुधियाना आ गए। 1956 में उन्होंने बैंक से कर्ज लेकर हीरो साइकिल कंपनी शुरू कर दी और 1980 के दशक में हीरो कंपनी साइकिल दुनिया में सबसे बड़ी साइकिल निर्माता बन गई।