गुरदासपुर - दीनानगर आतंकी हमले के बाद भारत-पाकिस्तान की सीमा से लगे पंजाब के पठानकोट और गुरदासपुर जिला के इलाकों में सेना की वर्दी में देखे गए कुछ संदिग्ध व्यक्तियों ने सुरक्षा बलों की नींद उड़ा दी और लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है। इससे पहले रविवार को भी रंजीत सागर डैम के समीप दो संदिग्ध वर्दीधारी देखे जाने के बाद पुलिस तथा सुरक्षा बलों ने तलाशी अभियान चलाया था। गुरदासपुर-मुकेरियां मार्ग पर फरीका गांव में कार में कुछ वर्दीधारियों को देखे जाने के बाद गुरदासपुर तथा होशियारपुर पुलिस की नींद उड़ गई है। मंगलवार को फिर पठानकोट में दो वर्दीधारी व्यक्तियों को देखे जाने से भय का माहौल बना हुआ है।
लोगों के दिलोदिमाग से दीनानगर आतंकी हमले का खौफ अभी निकला भी नहीं था कि संदिग्ध वर्दीधारियों के दिखाई देने से दहशत फैल गई है। अब सेना की वर्दी भी शक की नजरों से देखी जाने लगी है तथा सैनिकों का वर्दी में छावनी से बाहर निकलना कठिन हो गया है। अब हालात यह हैं कि पुलिस को संदिग्ध वर्दीधारी व्यक्तियों की सूचना मिल रही है पुलिस सूचना के आधार पर काम कर रही है उससे सेना की वर्दी भी शक के घेरे में आ गई है। अब सेना के जवानों को वर्दी पहन कर गांव में जाना या प्राइवेट वाहन में सफर करना कठिन हो गया है। इस तरह की अफवाहों के कारण लोगों में भी दहशत का माहौल है।