नंगल - हिमाचल के ऊपरी क्षेत्रों में हो रही लगातार तेज बारिश से भाखड़ा डैम के पीछे बनी विशाल गोबिंदसागर झील में पानी का स्तर तेजी से बढ़ता जा रहा है, जिसको देखते हुए बीबीएमबी मैनेजमेंट की चिंताएं बढऩे लगी हैं। बीबीएमबी मैनेजमेंट को लगातार दूसरे दिन भी भाखड़ा डैम का आपातकालीन गेट खुले रखने का निर्णय लेने को मजबूर होना पड़ा। हालांकि उपमंडल श्रीआनंदपुर साहिब के दर्जनों गांव बीबीएमबी द्वारा सतलुज दरिया में छोड़े जाने वाले पानी से प्रभावित हो रहे हैं और उन गांवों में बाढ़ के हालात बने हुए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार भाखड़ा डैम के पीछे बनी विशाल गोबिंदसागर झील में मंगलवार को 77184 क्यूसिक पानी की आमद के साथ भाखड़ा डैम का जलस्तर 1164.28 फुट जा पहुंचा। जलस्तर बढ़ता देख बीबीएमबी मैनेजमेंट ने मंगलवार को भाखड़ा डैम से 53000 क्यूसिक पानी नंगल डैम के लिए छोड़ा और नंगल डैम से नंगल हाइडल नहर में 12500, आनंदपुर हाइडल में 10150, जबकि सतलुज दरिया में 32500 क्यूसिक पानी छोड़ा जा रहा है, जिसकी पुष्टि खुद बीबीएमबी के डायरेक्टर वाटर रेगुलेशन वीके गुप्ता ने भी की है।