समाना - पंजाब के समाना में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां पर एक दसवीं क्लास की लडक़ी ने छेड़छाड़ से तंग आकर अपने ऊपर मिट्टी का तेल डालकर खुद को आग लगा ली। 70 फीसदी जल चुकी लडक़ी फिलहाल पीजीआई चंडीगढ़ में जिंदगी और मौत में झूल रही है। लडक़ी के भाई ने बताया कि मोहल्ले के कुछ लडक़े अकसर उसकी बहन से छेड़छाड़ करते थे, जिससे परेशान होकर उसने खुद को आग लगा ली। भाई के मुताबिक, कई बार इसकी शिकायत लेकर पुलिस वालों के पास गया, लेकिन पुलिस वाले हमेशा बहाना बनाते रहे।
पहले कहा कि वह सीएम के दौरे में व्यस्त हैं और फिर कहा कि कोर्ट में व्यस्त हैं, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। पीजीआई में दाखिल लडक़ी ने बताया कि कुछ लडक़े उसे हमेशा तंग करते थे। उसे जबरदस्ती रास्ते में रोक कर फोन नंबर देने को कहते थे। मैंने उन्हें न देने से मना कर दिया। इसके बाद लडक़ों ने मुझे बस स्टैंड पर घेर लिया और मुझे थप्पड़ मारा और मुझे धमकाने लगे। मार्च 2015 से वे मुझे तंग कर रहे थे। लडक़ी ने छेड़छाड़ करने वालों के नाम भी बताए हैं। चंडीगढ़ पुलिस ने मामला दर्ज कर समाना पुलिस के साथ मिलकर मामले मेंं धरपकड़ शुरू कर दी हैं।