नंगल/ तलवाडा- हिमाचल के ऊपरी क्षेत्रों में हो रही लगातर तेज बारिश के उपरांत भाखड़ा डैम के पीछे बनी गोबिंदसागर झील में पानी की आमद में लगातार हो रही वृद्धि को देखते हुए सोमवार को बीबीएमबी मैनेजमेंट द्वारा भाखड़ा डैम के आपातकालीन गेटों की जांच करने के नाम पर लगभग एक-एक फुट तक ये गेट खोल कर 45 हजार क्यूसिक के करीब पानी छोड़ा गया। यह पानी डैम में पानी की भारी आमद को देखते हुए आने वाले दिनों में झील में जगह बनाने के मकसद से यह गेट खोलने की बात कही जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार सोमवार को डैम में 81881 हजार क्यूसिक पानी की आमद के साथ ही भाखड़ा डैम का जलस्तर 1662.22 तक पहुंच गया है, जबकि डैम से 41311 क्यूसिक पानी टरबाइनों के माध्यम से छोड़ कर 357.97 लाख यूनिट बिजली का उत्पादन किया है। माना जा रहा है कि गर्मियों के मौसम के लिए पानी का अनिवार्य लक्ष्य प्राप्त कर लिया जाएगा, जिससे आने वाले दिनों में विद्युत आपूर्ति की कमी को पूरा किया जा सकेगा।
वहीं हिमाचल प्रदेश में हो रही भारी बारिश के कारण पौंग डैम झील का पानी बड़ी तेजी से बढ़ रहा है। सोमवार तीन बजे झील में पानी का लेवल 1380.45 फुट नोट किया गया। झील में 134000 क्यूसिक पानी आ रहा है और पानी ज्यादा आने से पौंग डैम के छह फ्लड गैट साढ़े पांच फुट उठाकर 30024 क्यूसिक पानी निकाला जा रहा है। टरबाइने के रास्ते 18600 क्यूसिक पानी भी निकाला जा रहा है।