लाहौर - भारतीय भांगड़ा गायक सुखबीर को रविवार को लाहौर के अल्लामा इकबाल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर रोक लिया गया। हवाई अड्डा अधिकारियों के अनुसार, सुखबीर के पास तय सीमा से ज्यादा अमरीकी डॉलर थे। पाकिस्तानी कानून के मुताबिक, विमान में चढ़ते वक्त कोई भी व्यक्ति 10 हजार अमरीकी डॉलर से ज्यादा अपने साथ नहीं ले जा सकता। भारतीय गायक स्वर्गीय प्रधानमंत्री बेनाजीर भुट्टो के करीबी सहयोगी के पोते की शादी समारोह में प्रस्तुती देने आए थे। सूत्रों के अनुसार, सुखबीर ने 7 और 8 अगस्त को हुए कार्यक्रमों में प्रस्तुती दी थी और इसी के चलते उन्हें 30 हजार अमरीकी डॉलर दिए गए थे।
इन कार्यक्रमों में पाकिस्तानी गायक शफकत अमान अली ने भी प्रस्तुति दी थी। कस्टम के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि दुबई की फ्लाइट पकडऩे के लिए सुखबीर रविवार को सुबह 11.30 बजे हवाई अड्डा पहुंच गए थे। अधिकारी ने आगे बताया कि विमान में चढऩे से पहले गायक ने पूछा था कि विदेश जाते वक्त वह अपने साथ एक साथ कितनी विदेशी मुद्रा ले जा सकता है। जब उन्हें बताया गया कि वह 10 हजार अमरीकी डॉलर से ज्यादा नहीं जा सकते तो वह वापस लौट गए क्योंकि उनके पास तय सीमा से ज्यादा विदेशी मुद्रा थी। अधिकारी से जब यह पूछा गया कि पाकिस्तानी मीडिया में खबरे आई थी की उनके पास 27 हजार अमरीकी डॉलर थे जब वह अधिकारियों को गच्चा देकर विमान में चढऩे की कोशिश कर रहे थे, तो इस पर अधिकारी ने कहा कि अगर ऐसा होता तो भारतीय गायक जेल में होता।