बठिंडा - बठिंडा के समीप मौड मंडी में आज सुबह तेज रफ्तार टवेरा तथा ट्रक के बीच टक्कर में पांच लोगों की मौत हो गयी तथा तीन अन्य घायल हो गये। हादसे में जिन लोगों की मौत हुई है, वे राजस्थान के संगरिया मंडी के रहने वाले थे और लडक़े की सगाई के लिये चंडीगढ़ जा रहे थे। रास्ते में यह भीषण दुर्घटना हो गयी। मृतकों की शिनाख्त राजन कुमार(18), दर्शन कुमार (34), अमीरचंद(42 ),अशोक कुमार (42 )और राजकुमार (45 )के रूप में की गई है। पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। वे आज सुबह लगभग 4 बजे संगरिया मंडी से चले थे। वह जब लगभग सुबह 6 बजे मौड़ मंडी के पास गांव घुम्मन कलां पहुंचे तो बठिंडा की तरफ आ रहे ट्रक के साथ टवेरा की टक्कर हो गई।
टक्कर से अशोक कुमार व राज कुमार की मौके पर ही मौत हो गई जबकि राजन, दर्शन कुमार व अमीर चंद की अस्पताल जा कर मौत हो गई। तीन अन्य घायलों का उपचार किया जा रहा है। थाना मौड़ पुलिस अनुसार ट्रक चालक मौके पर से फरार हो गया। ट्रक चालक के विरुद्ध मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी गई है। पांचों शवों का पोस्टमार्टम करवा वारिसों को सौंप दिया गया है।