वाशिंगटन - अमरीकी राष्ट्रपति पद के लिए रिपब्लिकन पार्टी से उम्मीदवारी की दौड़ में शामिल 17 उम्मीदवारों में से लुईसियाना के गवर्नर बॉबी जिंदल सबसे युवा हैं। ल्यूसियाना के गवर्नर के रूप में शपथ ग्रहण करने के वक्त जिंदल (36) अमरीका के वर्तमान गवर्नरों में सबसे युवा थे। अमरीका के राष्ट्रपति के तौर पर कार्यभार संभालने वाले सबसे कम उम्र व्यक्ति थियोडोर रूजवेल्ट (42) थे, जो विलियम मैककिनले की हत्या के बाद राष्ट्रपति बने थे। उनके बाद जॉन एफ. केनेडी का नंबर आता है जो राष्ट्रपति का पद ग्रहण करने के समय 43 वर्ष 236 दिन के थे। जिंदल (44) फिलहाल राष्ट्रपति पद के लिए शीर्ष दस रिपब्लिकन उम्मीदवारों में शामिल नहीं हैं और चुने जाने के लिए उनकी लोकप्रियता की रेटिंग में जबरदस्त उछाल की जरूरत है।