वाशिंगटन - अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने लीक से हटकर अपना जन्मदिन मनाया। उन्होंने जन्मदिन मनाने के लिए एक लोकप्रिय रेस्तरां को चुना। इसके अलावा एक अनोखे अंदाज में जन्मदिन पर उन्होंने ह्वाइट हाउस डेमो डे का आयोजन किया। इसमें ओबामा ने 3 भारतवंशियों समेत अमेरिकी उद्यमियों को सम्मानित किया।
ओबामा मंगलवार को 54 साल के हो गए। जन्मदिन मनाने के लिए ओबामा पत्नी मिशेल ओबामा के साथ रोजेज लक्जरी रेस्तरां गए। उनके साथ बहन माया सोएटोरो-एनजी और उनके पति कोनार्ड, भतीजी लेस्ली रोबिंसन और वरिष्ठ सलाहकार वेलेरी जेरेट भी मौजूद थे। रेस्तरां पोर्क और लीची सलाद के लिए मशहूर है। इससे पहले ह्वाइट हाउस में डेमो डे पर उद्यमियों ने अपने अन्वेषणों का प्रदर्शन किया। भारतीय मूल के 3 अमेरिकियों सैन फ्रांसिस्को के प्रिवाहिनी ब्रादु, न्यूयार्क की सुमा रेड्डी और मिशिगन की एन मेरी शास्त्री ने भी अपने काम का प्रदर्शन किया।