इस्लामाबाद - पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर वसीम अकरम बुधवार को एक जानलेवा हमले में बाल-बाल बच गए। बाइक सवार अज्ञात बंदूकधारियों ने उनकी कार पर गोलियां दागीं, लेकिन वह सुरक्षित निकल गए। जानकारी के मुताबिक अकरम पर यह हमला कराची में नेशनल स्टेडियम के पास किया गया। वसीम अकरम स्टेडियम के पास अपनी कार से निकल रहे थे, तभी पहले से घात लगाए अज्ञात बंदूकधारियों ने उनकी कार पर गोलियां दाग दीं। हमलावर कौन थे, फिलहाल इसका पता नहीं चल पाया है। पाकिस्तान पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।
उधर पुलिस ने वसीम अकरम की गाड़ी को टक्कर मारने वाली गाड़ी का नंबर नोट कर लिया है। वहीं, वसीम के मैनेजर अर्सलान हैदर ने कहा कि वसीम खुद कार चला रहे थे और एक अन्य कार ने उनकी कार को एक तरफ धकेलने की कोशिश की और गोली चलाई। अकरम ने पुलिस हेल्पलाइन में फोन करके शिकायत दर्ज कराई। पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और उसने जांच शुरू कर दी है। वसीम नेशनल स्टेडियम में आयोजित एक कैंप में हिस्सा लेने जा रहे थे। यहां वह यंग फास्ट बालर्स को कोचिंग दे रहे हैं। यह कैंप 13 दिन तक चलने वाला है। बता दें कि वसीम अकरम इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की टीम कोलकाता नाइट राइडर्स के बालिंग कोच हैं।