पटियाला - अकाली-भाजपा गठबंधन में पहले से ही घुटन महसूस कर रही पंजाब स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की मुख्य संसदीय सचिव डा. नवजोत कौर सिद्धू ने कहा है कि अकाली-भाजपा गठबंधन की संयुक्त उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लडऩे के बजाय वे गठबंधन से किनारा करना बेहतर समझेंगी। उन्होंने संकेत दिये कि यदि 2017 के विधानसभा चुनाव में भी अकाली-भाजपा गठबंधन जारी रहा तो वे कोई और राजनीतिक विकल्प तलाश करेंगी। उन्होंने कहा कि वे समय आने पर यह फैसला करेंगी।
यह एकदम स्पष्ट करते हुए कि वे किसी भी सूरत में गठबंधन प्रत्याशी के तौर पर चुनाव नहीं लड़ेंगी, डा. सिद्धू ने कहा कि उन्होंने अपनी भावनाओं से भाजपा नेतृत्व को पहले ही अवगत करा दिया है। पार्टी नेतृत्व को उन्होंने बता दिया है कि वे भाजपा प्रत्याशी के तौर पर ही चुनाव लड़ेंगी। अगर फिर भी वे गठबंधन जारी रखना चाहते हैं तो इस्तीफे के सिवा उनके पास और कोई विकल्प शेष नहीं बचेगा। उन्होंने कहा कि अकाली नेतृत्व केवल भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व के साथ ही तालमेल बिठा कर रखते हैं। पंजाब के भाजपा नेताओं को दरकिनार किया जाता है। उनके क्षेत्र में बढिया निवेश करने की योजना को बादल परिवार ने ठंडे बस्ते में डाल दिया हैं।