खरड़ - पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने लोगों से अफवाहों से सतर्क रहने का आग्रह करते हुये कहा है कि राज्य में पूरी तरह सुख शांति और सांप्रदायिक सौहार्द कायम है तथा सरकार किसी भी चुनौती से निपटने में पूरी तरह सक्षम है। श्री बादल ने आज यहां श्री मानसिंह मन्हेडा की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि देने के बाद पत्रकारों से कहा कि राज्य में होने वाली हर गतिविधि पर सरकार की पूरी नजर है। कोई भी अप्रिय घटना होने नहीं दी जायेगी और यदि असामाजिक तत्वों ने फन उठाने की कोशिश भी की तो उसके फन को कुचल दिया जायेगा। चाहे जो भी हो पंजाब में शांति बनाये रखना सरकार का पहला कर्तव्य है।दीनानगर की आतंकी घटना की पुनरावृत्ति के बारे में श्री बादल ने कहा कि ऐसी घटनायें दोबारा होने की कोई संभावना नहीं है।