संगरूर - वित्त मंत्री परमिंदर सिंह ढींढसा की कोठी का घेराव करने परिवारों के साथ आज यहां पहुंचे सैकड़ों बेरोज़गार लाइमैनों और पुलिस के मध्य हुई झड़प के दौरान एक महिला सहित 6 बेरोज़गार लाइनमैन बेहोश हो गए, जिनमें से 2 को अस्पताल में दाखिल करवाना पड़ा। झड़प के दौरान लगभग 6 लोगों की पगडिय़ां उतर गईं, बेरोज़गारों को बालों और टांगों से पकडक़र खींचा गया और प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने लाठियों का प्रयोग किया।
झड़प के दौरान कई पुलिसकर्मी भी सडक़ पर गिर गये और एक सब इंसपेक्टर दीपइन्द्र सिंह के हाथ पर चोट लगी। बेरोज़गार लाइनमैन 4 हजार लाइनमैनों को नियुक्तिपत्र जारी करने की मांग को लेकर घेराव करने पहुंचे थे। यहां पार्क में एकत्र होने के पश्चात् रोष मार्च करते हए ज्यों ही लाइनमैन ढींडसा की कोठी के निकट पहुंचे, वहां तैनात पुलिस कर्मियों ने नाकाबंदी कर उन्हें आगे जाने से रोक लिया। इस पर तीखी झड़प हो गई और बेरोज़गार लाइनमैन यूनियन के राज्य खजांची भोला सिंह को भी अन्य के साथ बालों से पकडक़र नाके से दूर ले जाया गया।