फतेहपुर - पंजाब के गुरदासपुर में हुए आतंकी हमले के बाद हिमाचल पुलिस भी पूरी तरह चौकस नजर आ रही है। पंजाब सीमा पर स्थित पौंग डैम की सुरक्षा में तैनात हिमाचल पुलिस ने सुरक्षा चौकसी पूरी तरह बढ़ा दी है। हर आने-जाने वाले वाहन की चैकिंग की जा रही है, ताकि सुरक्षा में किसी प्रकार की कोई चूक न हो। डैम की सुरक्षा में करीब 75 पुलिस के जवान तैनात हैं। डैम पर स्थित पुलिस बैरियरों में तैनात सुरक्षा कर्मी जांच उपकरणों के साथ हर वाहन की चैकिंग कर रहे हैं।
डैम में मौजूदा समय में राइट बैरियर पर एचसी त्रिलोचन जरियाल, राहुल व घाटी बैरियर पर एएसआई सुरजीत सिंह व एचसी पंकज कटोच सहित इंटेलिजेंस प्रभारी मोहन पठानिया, दिनेश इत्यादि पर डैम की सुरक्षा का जिम्मा है, जो अपनी जिम्मेदारी बखूबी निभा रहे हैं। गुरदासपुर में हुए आतंकी हमले के कारण पुलिस को पहले से भी ज्यादा सतर्क रहना पड़ेगा, क्योंकि डैम की तबाही से लाखों परिवार प्रभावित हो जाएंगे। शिवसेना के युवाध्यक्ष रमेश कालिया का कहना है कि प्रदेश पुलिस ने जब से डैम की सुरक्षा का जिम्मा संभाला है, उसे बखूवी निभाया है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि डैम की सुरक्षा को मजबूती देने हेतु सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं, ताकि हर आने-जाने वाले की पहचान भी कैमरे में कैद हो सके। 52 गेट पर भी सुरक्षा कर्मी तैनात करने की शिवसेना ने मांग की है।