मोहाली - गांव शाहीमाजरा स्थित स्वराज ट्रैक्टर कंपनी के गेट नंबर 4 के पास एक कार व खड़े ट्राले की चपेट में आ जाने कारण एक करीब 12 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। इस हादसे में बच्चे की मां व नानी को भी काफी चोटें आईं। मृतक बच्चे का नाम आर्यन बताया जाता है जो कि गांव शाहीमाजरा का ही रहने वाला था। पुलिस ने शव को सिविल अस्पताल में रखवा जांच शुरू कर दी है।
जानकारी मुताबिक उक्त बच्चा अपनी नानी मुलाती देवी तथा माता मुन्नी देवी के साथ सब्जी मंडी से पैदल वापस आ रहा था। जब वे स्वराज ट्रैक्टर कंपनी के गेट नंबर 4 के पास पहुंचे तो पीछे से आई एक तेज रफ्तार मारुति कार ने उन्हें इस कदर हिट किया कि बच्चे की नानी तथा माता को काफी दूर तक घसीटती ले गई। बच्चा कार के बोनट पर लटकता चला गया। थोड़ी दूरी पर जाकर कार सडक़ किनारे खड़े ट्राले से जा टकराई और बच्चा कार व ट्राले की चपेट में आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू कर दी।