जालंधर - पाकिस्तान की एक महिला अंतरराष्ट्रीय सीमा पर अटारी में उच्च सुरक्षा को धत्ता बताते हुए बिना पासपोर्ट और वीजा के भारतीय क्षेत्र में प्रवेश कर गयी। उसे ट्रेन रोक कर जालंधर में गुरुवार देर रात गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में महिला ने किसी सवाल का कोई साफ जवाब नहीं दिया। उसने यह जरूर बताया कि वह बॉलीवुड स्टार सलमान खान की फैन है और उनसे मिलने के लिए भारत आयी है।
राजकीय रेल पुलिस उपाधीक्षक मक्खन सिंह ने कहा, ‘रेलवे पुलिस ने अटारी-दिल्ली विशेष ट्रेन से गुरुवार देर रात जालंधर शहर रेलवे स्टेशन पर एक पाकिस्तानी महिला को गिरफ्तार कर लिया।’ उन्होंने बताया, ‘महिला के पास पासपोर्ट और वीजा नहीं था। उसके पास रेल टिकट भी नहीं था।’ महिला की पहचान चंदा खान के रूप में की गई है। कराची की रहने वाली चंदा 27 साल की है और शादीशुदा है। उसके पति का नाम सलमान खान है।’ यह पूछने पर कि पूछताछ के दौरान महिला ने क्या बताया, मक्खन ने कहा, ‘वह लाहौर से अटारी और अटारी से दिल्ली जा रही थी। जब हमने अटारी में इस महिला के बारे में जानकारी ली तो वहां के संबंधित लोगों का कहना था कि उनके रिकार्ड में चंदा खान नाम की कोई महिला है ही नहीं।’
जीआरपी उपाधीक्षक ने महिला से हुई प्राथमिक पूछताछ के हवाले से यह भी बताया, ‘वह अलग-अलग बयान देती रही। कभी उसका कहना था कि वह दिल्ली दरगाह में बेटे के लिए दुआ मांगने जा रही है, कभी कहा कि उसके मामा खो गए हैं, उन्हें खोजने जा रही है तो कभी कहा कि वह सलमान खान से मिलने जा रही है।’ उसके पास से 771 पाकिस्तानी रुपये बरामद हुए हैं।