जालंधर - सीमा सुरक्षा बल के जवानों ने पंजाब में फिरोजपुर सेक्टर की अग्रिम चौकी कस्सोके क्षेत्र से एक किलोग्राम हेरोइन बरामद की है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत पांच करोड़ रुपए बताई गई है। बीएसएफ ने पंजाब के साथ लगी सीमाओं से इस वर्ष अब तक 700 करोड़ रुपए की 140 किलोग्राम हेरोइन बरामद की है, जिसमें से 57 किलो आठ सौ ग्राम हेरोइन केवल फिरोजपुर सेक्टर से ही बरामद हुई है।
बीएसएफ फिरोजपुर सेक्टर के उपमहानिरीक्षक आर के थापा ने बताया कि पंजाब फ्रंटियर के महानिरीक्षक अनिल पालीवाल के दिशा निर्देशों अनुसार पंजाब फ्रंटियर के सभी सेक्टरों में मादक पदार्थों की तस्करी तथा असामाजिक तत्त्वों को रोकने के लिए सीमा पर सुरक्षा इंतजाम कड़े किए गए हैं। 30 जुलाई की शाम को पाकिस्तान के क्षेत्र के सरकंडों में कुछ हलचल देख कर जवानों ने सतर्कता बढ़ा दी थी। उसी दौरान एक आदमी अचानक बाहर आया और हेरोइन का एक पैकेट भारतीय क्षेत्र में फेंक कर वापस भाग गया।
इलाके की तलाशी लेने पर एक किलो हेरोइन का पैकेट बरामद हुआ। पिछले सात महीनों में बीएसएफ ने 140 किलो हेरोइन, 38 हजार रुपए के विदेशी नोट, अफीम का चूरा 30 किलो, नौ हथियार, सात मैगजीन, 99 कारतूस, आठ पाकिस्तानी सिम कार्ड, तीन भारतीय मोबाइल और सिम सहित एक बांग्लादेशी मोबाइल बरामद किए हैं। इस वर्ष अब तक दो पाकिस्तानी घुसपैठियों, तीन पाकिस्तानी तस्करों, चार भारतीय तस्करों तथा 37 लोगों को भारतीय सीमा पार करने से रोका गया है।