चंडीगढ़ - पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने आतंकी हमले में शहीद हुए एसपी बलजीत सिंह के परिवार से बुधवार को कपूरथला में उनके घर पर मुलाकात की। श्री बादल से मुलाकात के बाद बलजीत का अंतिम संस्कार किया गया। इस मौके पर लोकल एडमिनिस्ट्रेशन के टॉप आफिसर भी मौजूद थे। पहले शहीद की पत्नी ने अपने तीनों बच्चों के लिए नौकरी मांगी थी और कहा था कि ऐसा होने पर ही वह पति का अंतिम संस्कार करेंगी, लेकिन बादल ने कहा कि शहीद एसपी के परिवार ने उनके सामने कोई मांग नहीं रखी है।
बलजीत सिंह गुरदासपुर के दीनानगर में दो दिन पहले हुए टेरारिस्ट अटैक में शहीद हो गए थे। इसके पहले शहीद बलजीत सिंह के घर सीएम बादल ने कहा कि बलजीत के परिवार ने कोई डिमांड नहीं की, लेकिन हमारा जो फर्ज है, हम उसे जरूर पूरा करेंगे। बता दें कि शहीद एसपी की पत्नी ने मंगलवार को मांग रखी थी कि जब तक उनके बेटे को एसपी और दोनों बेटियों को तहसीलदार की नौकरी पंजाब सरकार नहीं दे देती तब उनका अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। हमले के बारे में पूछे जाने पर बादल ने कहा कि मैं इस मामले में नहीं पडऩा चाहता कि हमले को लेकर जिम्मेदारी स्टेट की है या केंद्र की।
बादल ने बुधवार को ही हमले में शहीद हुए पंजाब पुलिस के जवान सुखदेव सिंह के पठानकोट में मौजूद घर जाकर उनके बेटे को पंजाब पुलिस में नौकरी का अप्वॉइंटमेंट लैटर और दस लाख रुपए का चेक सौंपा। पंजाब सरकार ने सुखदेव के दोनों बच्चों की पढ़ाई का खर्च उठाने का भी ऐलान किया।