वाशिंगटन - आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट (आईएस) भारत पर हमले की तैयारी कर रहा है। संगठन के एक भर्ती संबंधी दस्तावेज से अनुसार, अमरीका को आर-पार की जंग के लिए उकसाने के इरादे से संगठन ऐसा कर रहा है। आईएस पाकिस्तान और अफगान तालिबान को भी अपने साथ जोडऩे की कोशिश कर रहा है। ‘यूएसए टुडे’ में प्रकाशित एक खबर में पाकिस्तानी तालिबान के भीतरी लोगों से संबंध रखने वाले एक पाकिस्तानी नागरिक से प्राप्त 32 पृष्ठ के उर्दू दस्तावेज का जिक्र किया गया है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि दस्तावेज में चेताया गया है कि भारत में हमले की तैयारियां चल रही हैं और उसमें भविष्यवाणी की गई है कि यह हमला अमरीका को ऐतिहासिक टकराव के लिए उकसाएगा। कहा गया है कि अगर अमरीका अपने तमाम सहयोगियों के साथ भी हमला करने की कोशिश करता है, जो वह नि:स्संदेह करेगा, तो उम्मा (मुसलमान) एकजुट होंगे, जिससे अंतिम लड़ाई होगी। कुछ सेवारत तथा सेवानिवृत्त खुफिया अधिकारियों ने भी इसका सत्यापन किया है। एक सेवानिवृत्त सीआईए अधिकारी और ब्रूकिंग इंस्टीच्यूट में सीनियर फेलो ब्रूस रीडेल ने कहा कि भारत में हमला आईएस के कद में इजाफा करेगा और क्षेत्र की स्थिरता को खतरा होगा।
रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तान और अफगान तालिबान के दर्जनों धड़ों को मिलाकर आतंक की एक एकल सेना बनाने की वकालत की गई है। यूएसए टुडे में कहा गया है कि तीन अमरीकी खुफिया अधिकारियों ने दस्तावेज की समीक्षा की है। उनका मानना है कि दस्तावेज वास्तविक हैं। इसमें खास तथ्यों और नेताओं का विवरण देने में जिस जुबान का इस्तेमाल किया गया है, लेखन शैली और ऐसे धार्मिक शब्द हैं, जो आईएस के अन्य दस्तावेजों से मेल खाते हैं।