होशियारपुर - तलवाड़ा शाह नहर में आज अचानक एक कार गिर गयी जिसके चलते दो महिलाओं सहित 5 लोगों की मौत हो गई जब कि कार चालक को लोगों ने बचा लिया। जानकारी के मुताबिक थाना तलवाड़ा के अधीन गांव राम नांगल की रहने वाली सुमन लता व अनु ठाकुर अपनी दो बेटियों व एक बेटे के साथ कार में जा रहे थे। कार को हरीश ठाकुर चला रहा था। बताया जाता है कि जब यह कार नहर के निकट पहुंची तो अचानक कार चालक निंयत्रण खो बैठा और देखते ही देखते कार नहर में जा गिरी जिसके चलते 5 लोगों की मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही गोताखोर मौके पर पहुंच गए और कार को बाहर निकालने का प्रयास किया। इस दौरान दोनों महिलाओं तथा 3 बच्चों के शव मिल गए है जबकि कार चालक को बचा लिया गया। समाचार लिखे जाने तक पुलिस मामले की जांच कर रही थी। पुलिस के मुताबिक सभी शवों को नहर से निकालने के बाद पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल पंहुचा दिया है। बताया जाता है कि उक्त परिवार तलवाड़ा में दवाई लेने के बाद वापस लौट रहा था कि उक्त दर्दनाक हादसा हो गया ।