चण्डीगढ़, 27 फरवरी - रबी के सीजन दौरान पंजाब की नहरों में पानी छोडऩे के कार्यक्रम की घोषणा करते हुए सिंचाई विभाग पंजाब के प्रवक्ता ने आज यहां बताया कि 28 फरवरी से 7 मार्च 2013 तक रोपड़ हैड वर्कस से निकलने वाली नहरें (सरहिन्द केनाल सिस्टम) और ब्रांचे जैसे कि बठिंडा ब्रांच, बिस्त दोआब कैनाल, सिधवां ब्रांच, अबोहर और पटियाला फीडर ब्रांच क्रमश: पहली,दूसरी,तीसरी, चौथी और पांचवी प्राथमिकता के आधार पर चलेंगी।
प्रवक्ता ने नहरी वारीबन्दी कार्यक्रम सम्बन्धी बताया कि भाखड़ा मेन लाईन में से निकलती नहरें और ब्रांचें जो कि ग्रुप ए में हैं, को पहली प्राथमिकता के आधार पर पूरा पानी मिलेगा। घग्गर लिंक और इसमें से निकलती घग्गर ब्रांच और पटियाला माईनर जोकि ग्रुप बी में हैं को दूसरी प्राथमिकता के आधार पर शेष बचता पानी मिलेगा।
प्रवक्ता अनुसार हरिके और फिरोजपुर हैड वर्कस से निकलने वाली नहरें और ब्रांचें, सरहिन्द फीडर में से निकलते सभी रजबाहे, जोकि ग्रुप ए में हैं, को पहली प्राथमिकता के आधार पर पूरा पानी मिलेगा जबकि सरहिन्द फीडर में से निकलती अबोहर ब्रांच और इसके रजबाहे जोकि ग्रुप बी में, को दूसरी प्राथमिकता के आधार पर शेष बचता पानी मिलेगा।
सिंचाई विभाग के प्रवक्ता ने आगे ओर बताया कि अप्पर बारी दोआब कैनाल सिस्टम में सभराओ ब्रांच और इसके रजबाहों को पहली प्राथमिकता के आधार पर पूरा पानी मिलेगा जबकि कसूर ब्रांच लोअर, मेन ब्रांच लोअर, लाहौर ब्रांच और इनके रजबाहों को क्रमश: शेष बचता पानी मिलेगा।