सना - लंबी लड़ाई के बाद हिंसाग्रस्त यमन में शांति की उम्मीद जगी है। लंबी कार्रवाई के बाद सऊदी अरब के नेतृत्व वाले गठबंधन ने यमन में विद्रोहियों पर हवाई हमले रोकने की घोषणा की है। सऊदी गठबंधन ने पांच दिनों के लिए हवाई हमले रोकने का ऐलान किया है, ताकि राहत एजेंसियां आम नागरिकों तक जरूरी राहत और मदद पहुंचा सकें। यमन में संघर्ष विराम रविवार आधी रात से प्रभावी हो गया, लेकिन गठबंधन बल का कहना है कि संघर्ष विराम के दौरान विद्रोहियों की ओर से सैन्य हरकत होने पर उसके खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है। संघर्ष विराम की घोषणा ताइज सूबे में हवाई हमलों के बाद हुई है, जहां आम नागरिकों समेत 120 लोगों के मारे जाने की खबर है। कम से कम 150 लोगों के घायल होने की खबर है। घायलों में कई की हालत गंभीर है।