लंदन - भारतीय मूल के एक डाक्टर को एक प्रैक्टिशनर और चिकित्सा शिक्षक के तौर पर समुदाय में योगदान देने के लिए प्रमुख ब्रिटिश विश्वविद्यालयों में से एक ने मानद फेलोशिप प्रदान की है। यूनिवर्सिटी ऑफ सेंट्रल लंकाशाइर ने 77 वर्षीय शिव पांडे को मानद फेलोशिप प्रदान की है। यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर माइकल थॉमस ने कहा कि न सिर्फ अपने पेशे में, बल्कि हमारे व्यापक समुदाय में, इतने ज्यादा क्षेत्रों में इतनी उपलब्धि शायद ही किसी डाक्टर ने हासिल की है।
उन्होंने कहा कि एक समर्पित मेडिकल प्रैक्टिशनर, अथक चैरिटी कैंपेनर, संपूर्ण प्रसारक, प्रख्यात शिक्षाविद के तौर पर शिव पांडे एमबीई बहुसंस्कृति वाले ब्रिटेन के किसी भी नागरिक के लिए उत्कृष्ट रोल मॉडल पेश करते हैं। श्री पांडे ने कहा कि इतने वर्षों में राष्ट्रीय स्वास्थ्य सेवा में जनरल प्रैक्टिशनर, जस्टिस ऑफ पीस, प्रसारक, चैरिटी कार्यकर्ता की भूमिका निभा कर मैंने बहुत आनंद लिया। वह इंडियन जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन के सदस्य भी हैं। भारत में जन्मे और पढ़े पांडे ने अपनी एमबीबीएस तथा एमएस की डिग्री भारत में ही हासिल की।