जालंधर - पंजाब के जालंधर में पुलिस ने फर्जी वीजा बनाने वाली एक ट्रैवल एजेंसी के मालिक को गिरफ्तार किया है। पुलिस थाना नंबर सात के प्रभारी नवदीप सिंह ने बताया कि जालंधर बस स्टैंड के पास स्थित एक ट्रैवल एजेंसी के कार्यालय में साउथ-अफ्रीका के फर्जी वीजा बनाए जाते थे। पुलिस ने मौके से मालिक गुरप्रीत सिंह को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चार पासपोर्ट और ढेरों फर्जी वीजा बरामद किए हैं।
गुरप्रीत का साथी अरमिंदर सिंह फरार है। गढ़शंकर के गांव दोनोवाल के रहने वाले हरजिंदर सिंह ने शिकायत पुलिस को शिकायत दर्ज कराई थी कि वह इस ट्रेवल एजेंसी में गया था, जहां उससे 80 हजार रुपए लिए गए और कहा गया कि उनका साउथ-अफ्रीका का वर्क परमिट वीजा लगवा दिया जाएगा। पैसे लेने के बाद न तो वीजा लगवाया गया और न पैसे लौटाए गए। उन्होंने बताया कि एजेंसी ने इसी तरह कई और लोगों से पैसे ठगे। ये कम्प्यूटर पर खुद ही फर्जी वीजा तैयार कर देते थे।