वाशिंगटन - अमरीका की न्यूजर्सी स्थित निर्माण प्रबंधन कंपनी (कंस्ट्रक्शन मैनेजमेंट फर्म) पर भारत में गोवा और गुवाहटी में जल विकास से जुड़ी दो प्रमुख परियोजनाएं हासिल करने के लिए भारतीय अधिकारियों को करोड़ों रुपए रिश्वत देने का आरोप लगाया गया है। लुईस बर्जर कंपनी द्वारा गोवा की एक परियोजना के लिए 976000 डालर यानी 61951551 रुपए की रिश्वत की बात सामने आई है, जिसमें एक मंत्री भी शामिल है।
हालांकि, विधि विभाग ने इसका ज्यादा ब्यौरा नहीं दिया। कंपनी ने भारत, इंडोनेशिया, वियतनाम और कुवैत में सरकारी निर्माण प्रबंधन ठेके लेने के लिए अधिकारियों को रिश्वत देने के आरोपों को निपटाने के लिए 1.71 करोड़ डालर का जुर्माना चुकाने पर सहमति जताई है। मामले में कंपनी के दो पूर्व कार्यकारियों-फिलिपीन के रिचर्ड हिर्ष और यूएई के जेम्स मैक्लंग को रिश्वत के आरोपों में दोषी ठहराया गया। मामले में सजा अब पांच नवंबर को सुनाई जाएगी। भारत सरकार ने जापान सरकार के सहयोग से गोवा में पांच साल की जलापूर्ति और मल निकासी परियोजना के विस्तार का काम शुरू किया था।