वॉशिंगटन - अमरीका के दो सैन्य केन्द्रों पर एक बंदूकधारी ने गोलियां बरसाई, इसमें चार नौसैनिकों की मौत हो गई। हमला टेनेसी राज्य के चैनूगा शहर में किया गया। अमरीकी नेवी की जवाबी कार्रवाई में संदिग्ध हमलावर भी मारा गया। हमलावर की पहचान 24 वर्षीय मोहम्मद यूसुफ अब्दुलाजीज के रूप में हुई है। अमरीकी जांच एजेंसी एफबीआई ने बताया कि इस घटना के आतंकी घटना या आपराधिक घटना होने की जांच की जा रही है।
घटना की हरसंभव तरीके से जांच की जा रही है ताकि पता लगाया जा सके कि यह आतंकी घटना है या फिर आपराधिक घटना। इससे पहले अमरीकी अटॉर्नी जनरल बिल किलियन ने बताया कि सरकार गोलीबारी को घरेलू आतंकवाद की घटना के तौर पर देख रही है। हमलावर की ओर से 30 मिनट में दो हमले किए गए।
एक चश्मदीद ने बताया कि संदिग्ध बंदूकधारी ने सैन्य भर्ती सेंटर के शीशे के दरवाजे पर गोली बरसाई और इसके बाद उसने वहां से करीब सात मील दूर स्थित दूसरे सेंटर पर हमला बोला। दूसरे ठिकाने पर गोलीबारी में चार नौसैनिकों की मौत हो गई और तीन लोग घायल हो गए। इनमें एक पुलिस अधिकारी और एक सैन्य सर्विस का सदस्य भी शामिल है। अमरीकी राष्ट्रपति बराक ओबामा को भी इस घटना की जानकारी दी गई है।
पुलिस का मानना है कि हमलावर इसी इलाके में रहता था और उसने अकेले ही इस हरकत को अंजाम दिया। अमरीका में गोलीबारी की इस तरह की तीसरी घटना है, इससे पहले 2009 फॉर्ट हुड में गोलीबारी में 13 लोग मारे गए थे वहीं 2013 में वॉशिंगटन के नेवी शिपयार्ड में गोलीबारी में 12 लोगों की जान गई थी।