अबुजा -नाइजीरिया के पूर्वात्तर शहर गोम्बे के एक बाजार में हुए सिलसिलेवार दो बम धमाकों में लगभग 63 लोगों की मौत हो गई। दो आपदा एजेंसियों के अधिकारियों ने बताया कि बोको हराम के संदिग्ध आतंकवादियों ने गुरुवार रात एक बाजार में दो बम धमाके किए, जिसमें 63 लोग मारे गए। हालांकि किसी भी संगठन ने अभी इसकी जिम्मेदारी नहीं ली है। रेडक्रास के एक अधिकारी ने बताया कि इन हमलों को संदिग्ध बोको हराम के आतंकवादियों ने अंजाम दिया है।
उन्होंने बताया कि इन धमाकों में करीब 70 लोग घायल हुए हैं। प्रत्यक्षदर्शी अवालू याकुब ने कहा कि हमने कई झुलसे हुए लोगों को देखा है। पहले विस्फोट के बाद लोग इधर-उधर भागने लगे। इसके बाद एक और विस्फोट हुआ, जिसमें कई और लोग मारे गए। ये दोनों विस्फोट पांच मिनट के अंतराल पर हुए। उल्लेखनीय है कि नाइजीरिया में बोको हराम इस तरह के हमलों को अंजाम देता आया है।