लुधियाना - मोगा जिला में सोमवार को कुछ लोगों ने बैंक के 1.65 करोड़ रुपए लूट लिए। ये लोग पुलिस की वर्दी पहने थे। इन्होंने कैश लेकर जा रही वैन को चैकिंग के बहाने रुकवाया और फिर गन प्वाइंट पर लूट लिया। पुलिस को कैश लूटने वालों का अभी तक कोई सुराग नहीं मिला है। एक प्राइवेट कंपनी की कैश वैन एक्सिस बैंक का कैश लेकर मोगा की तरफ जा रही थी। लुधियाना-फिरोजपुर हाई-वे पर मोगा से करीब दस किलोमीटर दूर गांव किल्ली चाहल के पास बैरियर लगाकर कैश वैन को रोका गया।
वहां छह लोग मौजूद थे, जिनमें से तीन पुलिस की वर्दी पहने हुए थे और तीन सामान्य कपड़ों में थे। जैसे ही कैश वैन रुकी इन लोगों ने दोनों तरफ से घेर लिया। सुरक्षाकर्मी के साथ मारपीट कर आरोपियों ने उसे गन प्वाइंट पर ले लिया। इसके बाद वैन को अगवा कर गांव चूहड़चक्क की तरफ ले गए। आरोपियों ने कैश लूटने के बाद स्टाफ को गाड़ी से बाहर फेंक दिया और वहां से फरार हो गए। सूचना मिलने के बाद मोगा जिला के सीनियर पुलिस अफसर मौके पर पहुंचे और मामले की जांच की जा रही है।