बगदाद - इराक की राजधानी बगदाद के शिया बहुल जिलों में कार बम धमाकों और आत्मघाती हमलों में 35 लोगों की मौत हो गई है। चिकित्सा और सुरक्षा सूत्रों ने बताया कि उत्तरी बगदाद के शाब जिला में भीड़ वाले बाजार में खड़ी एक कार में विस्फोट और उसके तुरंत बाद हुए आत्मघाती हमले में 19 लोगों की मौत हो गई। घटना स्थल पर जैसे ही पुलिस और आसपास के लोग इकट्ठा हुए, हमलावर ने खुद को विस्फोट करके उड़ा लिया।
सूत्रों ने बताया कि एक अन्य घटना बुनाउक जिला में घटी जहां एक कार में विस्फोट होने के कारण नौ लोगों की मौत हो गई। इलाके में दो और बम होने की सूचना मिलने के बाद सुरक्षा बल खोजी कुत्तों की मदद से तलाशी अभियान चला रहे हैं। तीनों धमाकों में 100 से अधिक लोग घायल हुए हैं। इससे पहले शियाओं के पवित्र स्थल काधिमिया में इफ्तार से ठीक पहले हुए आत्मघाती हमले में पांच लोग मारे गए। पश्चिमी बगदाद के इस्कान जिला में हुए एक अन्य बम धमाके में दो लोग मारे गए।